डब्ल्यूआरडी की विलंबित योजनाओं को लेकर जताई चिंता, राघवपुर क्षेत्र के कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश
सेवाजोहार(डिंडोरी):- जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार डिंडौरी में क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा जनहित से जुड़े कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में विधायक डिंडौरी ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ डिंडौरी अशोक सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
पीएमजीएसवाई अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के वरिष्ठ अधिकारियों के बैठक में उपस्थित नहीं रहने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिशा जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी आवश्यक है, ताकि विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जा सके और समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा सके।
सांसद ने अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
डब्ल्यूआरडी की विलंबित योजनाओं पर जताई चिंता
जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) की योजनाओं के निर्धारित समय पर पूरा नहीं होने पर सांसद ने चिंता जताई। उन्होंने विलंबित योजनाओं की अद्यतन स्थिति और देरी के कारणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
सांसद ने कहा कि योजनाओं में देरी के लिए जिम्मेदारी निर्धारित की जाए और इसकी जानकारी शासन को तत्काल दी जाए। शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
राघवपुर क्षेत्र की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश
राघवपुर क्षेत्र में संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के हित से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। कार्य प्रारंभ करने से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी करने और कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एनएच-45 के कार्य में गुणवत्ता पर जोर
दिशा बैठक में जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के कार्य की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कार्य को डीपीआर के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण के बाद आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच मार्ग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी हुई समीक्षा
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सुचारू रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को समय-समय पर स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने को कहा। आयुष्मान योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई के कार्यों की ली जानकारी
सांसद ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में चल रहे मेंटेनेंस एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत अप्रैल 2026 से वर्तमान समय तक किए गए मेंटेनेंस एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी सांसद ने ली।
विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षा
बैठक में नगर पालिका एवं नगर परिषद, जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया।