हितग्राहियों की शिकायत और कार्यों में लापरवाही के आरोप पर तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जनपद पंचायत डिंडौरी के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों में तकनीकी मार्गदर्शन एवं पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप पर जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी द्वारा उपयंत्री फिरोज खान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। जारी पत्र के अनुसार उपयंत्री के सेक्टर के हितग्राहियों द्वारा शिकायत की गई है कि निर्माण कार्यों की माप पुस्तिका कार्यालय में रखी जाती है तथा कार्य का मूल्यांकन दर्ज किए जाने के लिए राशि की मांग की जा रही है। राशि नहीं दिए जाने पर माप पुस्तिका का विधिवत संधारण नहीं किए जाने तथा मजदूरी एवं सामग्री का भुगतान लंबित रहने की शिकायत भी सामने आई है।
प्रकरण को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता से संबंधित मानते हुए जिला पंचायत सीईओ ने वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिए गए आदेश-निर्देशों की अवहेलना किए जाने पर स्पष्टीकरण मांगा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि संबंधित आचरण वीबी-ग्राम योजना अंतर्गत संविदा सेवा नियमों के प्रावधानों के विपरीत होकर अनुशासनात्मक कार्रवाई योग्य है। श्री फिरोज खान को निर्देशित किया गया है कि कारण बताओ सूचना पत्र प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित की होगी।