1 करोड़ 11 लाख रुपये का 100% मशरूका बरामद, 7 शातिर आरोपी गिरफ्तार
10 विशेष टीमों ने 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले, टीमवर्क से मिली बड़ी सफलता
सेवाजोहार (डिंडोरी):- नेशनल हाईवे-44 पर जेवरात कारोबारी से हुई करीब 1 करोड़ रुपये से अधिक की सनसनीखेज डकैती का सिवनी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल 7 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटा गया 100 प्रतिशत मशरूका, जिसकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये है, बरामद कर लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में 10 विशेष टीमों ने अलग-अलग दिशाओं में जांच करते हुए 200 से अधिक CCTV फुटेज और स्थानों को खंगाला। नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा और लखनादौन सहित कई क्षेत्रों में दबिश देकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।
NH-44 पर कारोबारी को रोककर की थी डकैती
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे लखनवाड़ा निवासी योगेन्द्र बघेल बंडोल बाजार से सोने-चांदी के जेवरात लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। ग्राम भोंगाखेड़ा स्थित गीता वेयर हाउस के सामने NH-44 पर मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी।
आरोपियों ने कारोबारी की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंका, उसे नीचे गिराया और चाकू दिखाकर धमकाते हुए उसके पास रखे करीब 26 किलो चांदी, 320 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना बंडोल में अपराध क्रमांक 350/2026, धारा 309(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
10 विशेष टीमों ने शुरू किया ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिवनी के निर्देश पर तत्काल 10 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीमों ने नागपुर, जबलपुर, कुरई, छपारा, लखनादौन समेत 200 से अधिक स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।
लगातार 24 घंटे चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूटा गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया।
1 करोड़ 11 लाख रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
320 ग्राम सोना — करीब 48 लाख रुपये
26 किलो चांदी — करीब 60 लाख रुपये
डकैती में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल — करीब 2 लाख रुपये
7 मोबाइल फोन — करीब 1 लाख रुपये
इस तरह पुलिस ने डकैती में लूटी गई संपत्ति का 100 प्रतिशत मशरूका बरामद करने का दावा किया है।
सभी आरोपी आदतन अपराधी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र उर्फ जित्तू, भूपेन्द्र, योगेश, राज उर्फ आरव, दुर्गेश, आकाश और आदित्य उर्फ सिद्धू शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई पूर्व आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन प्रमोद वर्मा, पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम और एसडीओपी लखनादौन अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और डकैती की पूरी साजिश, रेकी तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।
टीमवर्क से मिली बड़ी सफलता
सिवनी पुलिस की इस कार्रवाई में थाना लखनवाड़ा, डूण्डासिवनी, कोतवाली, बरघाट, बंडोल, छपारा, आदेगांव, यातायात, साइबर सेल, कंट्रोल रूम और रक्षित केंद्र की पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक विभिन्न टीमों के समन्वय, CCTV फुटेज के विश्लेषण और लगातार दबिश के चलते महज 24 घंटे में 1 करोड़ से अधिक की डकैती का खुलासा संभव हो सका।