सेवाजोहार (डिंडोरी):- मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डिंडौरी में गरबा महोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण रंग-बिरंगी पोशाकों, संगीत और गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण हो उठा।
महोत्सव में नर्सरी से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी विद्यार्थी पारंपरिक एवं आकर्षक रंग-बिरंगी पोशाकें पहनकर विद्यालय पहुँचे। विद्यार्थियों ने गरबा नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और त्योहारों के प्रति अपनी आस्था एवं उत्साह का सुंदर प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उमंग और आनंद देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार को विजयदशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान, आपसी सहयोग और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। गरबा महोत्सव ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं मंगलकामनाओं के साथ हुआ।