17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
सेवाजोहार (डिंडोरी):– सेवा संकल्प अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिले में अभियान की तैयारियों को लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके ने रविवार को डिंडौरी सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, प्रस्तावित गतिविधियों, जनभागीदारी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना और योजनाओं के लाभ से वंचित हितग्राहियों को लाभान्वित करना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर गतिविधियों की सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
सेवा सेतु के माध्यम से एक स्थान पर मिलेंगी सेवाएं
अभियान के दौरान सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। वहीं सेवा की कहानी/सेवा गाथा के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देने तथा विकसित भारत@2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कई गतिविधियों का होगा आयोजन
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दीया, सेवा सेतु अभियान, सेवा मेरा योगदान, सेवा की कहानी/सेवा गाथा, बच्चों के सपनों का भारत, आंगनबाड़ी उत्सव, सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सहित विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ : कलेक्टर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए अधिक से अधिक लोगों को शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जनभागीदारी के साथ सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
ये रहे मौजूद
बैठक में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला वनमंडल अधिकारी अशोक सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेखा सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।