Wednesday, September 23, 2026

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल एवं रेस्टोरेंटों का किया निरीक्षण

सोयाबीन तेल सहित दाल, दूध एवं पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

सेवाजोहार (डिंडोरी):- वरिष्ठ कार्यालय खाद्य सुरक्षा प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रभा सिंह तेकाम द्वारा 22 सितम्बर को शहपुरा क्षेत्र में जबलपुर-अमरकंटक मार्ग स्थित अपना ढाबा, श्री छाया पैलेस, बालाजी डेयरी सहित विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। अपना ढाबा में वित्तीय वर्ष का खाद्य पंजीयन चस्पा पाया गया। मौके पर उपलब्ध पैक्ड खाद्य पदार्थ जैसे बिस्कुट, नमकीन, टोस्ट, चिप्स, ब्रेड एवं पाव आदि की नियत तिथि की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं में सुधार के लिए निर्धारित समय-सीमा देते हुए सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। साथ ही जांच के लिए तैयार दाल, दूध, पनीर एवं सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। श्री छाया पैलेस में भी निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं में सुधार के लिए निर्धारित समय-सीमा के साथ सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।
बालाजी डेयरी में मौके पर रैपिड किट के माध्यम से दूध का परीक्षण किया गया तथा जांच के लिए नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। लिए गए नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में अनियमितताओं में सुधार नहीं किए जाने की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे