तीन विमानों के साथ निकलेगी शोभायात्रा, विद्यातन कार्यक्रम स्थल पर होगा अभिषेक एवं मंगल प्रवचन
सेवाजोहार (डिंडोरी):- दिगंबर जैन समाज के पावन दशलक्षण पर्व के समापन अवसर पर बुधवार, 30 सितंबर को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शोभायात्रा दोपहर 12:30 बजे श्री 1008 मुनिसुव्रत जिनालय से प्रारंभ होगी, जो दोपहर करीब 1:15 बजे नीलम होटल के सामने पहुंचेगी। यहां श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर जी का विमान शोभायात्रा में शामिल होगा।
इसके पश्चात शोभायात्रा पार्श्वनाथ दिगंबर जैन कांच मंदिर पहुंचेगी तथा वहां से जिला चिकित्सालय चौक होते हुए विद्यातन (विद्या वाटिका) कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 2:30 बजे संयुक्त रूप से श्रीजी का अभिषेक एवं शांतिधारा पूजन किया जाएगा। इसके बाद माता जी का मंगल प्रवचन होगा तथा शाम 4:30 बजे कार्यक्रम का समापन होगा।
कार्यक्रम के पश्चात प्रथम बड़े मंदिर में श्रीजी की स्थापना की जाएगी। इसके बाद शोभायात्रा श्री पार्श्वनाथ कांच मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रीजी की स्थापना के उपरांत शोभायात्रा आगे बढ़ेगी। अंततः माता जी के सान्निध्य में श्री मुनिसुव्रत जिनालय पहुंचकर वहां भी श्रीजी की स्थापना की जाएगी।
शोभायात्रा में बैंड पार्टी, घोड़ों पर ध्वज, अष्ट द्रव्य के वाहन, मंगल कलश, आर्यिका संघ, श्रीजी के विमान, पुरुष एवं युवा वर्ग, बालिका मंडल, महिला मंडल तथा वाहनों सहित विभिन्न व्यवस्थाएं रहेंगी।
शोभायात्रा के अग्रभाग का संचालन सत्येन्द्र जैन, रितेश जैन पार्षद , एवं सम्यक जैन (अधिवक्ता) द्वारा किया जाएगा। शोभायात्रा के मध्य व्यवस्था में तीनों समितियों के अध्यक्ष, जैनम अध्यक्ष, बालिका मंडल अध्यक्ष एवं महिला मंडल अध्यक्ष की भूमिका रहेगी।
आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं से निर्धारित ड्रेस कोड के अनुरूप शामिल होने की अपील की गई है। पुरुष वर्ग के लिए सफेद धोती-दुपट्टा अथवा पीली धोती-दुपट्टा तथा महिलाओं के लिए तीनों मंदिरों के निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार शामिल होने की व्यवस्था बताई गई है।
आयोजकों के अनुसार दशलक्षण पर्व की शोभायात्रा एवं समापन कार्यक्रम की समस्त व्यवस्था श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर कमेटी द्वारा की गई है।