सेवाजोहार (डिंडोरी):- नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं आगामी नवरात्रि-दशहरा पर्व को लेकर नगर के युवा नेता कान्हा शर्मा के नेतृत्व में युवाओं की टीम ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर 7 सूत्री मांगों का पत्र सौंपा। युवाओं ने नगर की स्वच्छता, सार्वजनिक सुविधाओं, सड़कों, बाजार व्यवस्था एवं धार्मिक स्थलों से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से प्रशासन के समक्ष रखा।
नगर के युवाओं ने वार्ड क्रमांक 04 में सब्जी बाजार के साथ संचालित मीट मार्केट को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने तथा नवरात्रि पर्व के दौरान इसे बंद रखने, इंदिरा मार्केट, डीडी मार्केट एवं कंपनी चौक जैसे प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था करने की मांग रखी।
इसी क्रम में कंपनी चौक स्थित हनुमान मंदिर के समीप तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, सीवर लाइन के कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों का समुचित पुनर्स्थापन तथा सार्वजनिक सड़कों की अनधिकृत तोड़फोड़ एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई की मांग की गई। वहीं बस स्टैंड स्थित काली मंदिर के आसपास संचालित मीट, मुर्गा एवं अंडा बाजार को हटाने तथा नगर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई की मांग भी रखी गई।
युवाओं ने नर्मदा मंदिर रोड से फिल्टर प्लांट को जोड़ने वाली जर्जर सड़क को दशहरा पर्व के पूर्व दुरुस्त कराने तथा प्रमुख मार्गों के डिवाइडरों एवं सड़क किनारे लगे पेड़ों की साफ-सफाई, छंटाई एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग की।
इसके अलावा गणेश विसर्जन के दौरान बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन में आई कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए आगामी धार्मिक आयोजनों में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्रेन, पाइप, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
युवाओं द्वारा रखी गई मांगों को जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए एसडीएम को संबंधित विभागों से समन्वय कर प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान विवेक परासर, रितेश ठाकुर, किशोर परासर, आयुष ठाकुर एवं संजय धारवे सहित अन्य उपस्थित रहे।