सेवाजोहार (डिंडोरी):- गुरुवार को मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डिंडौरी में अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की समस्त महिला शिक्षिकाओं ने आपसी सहयोग एवं प्रेमभाव से विद्यालय के सभी पुरुष शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए एक विशेष सरप्राइज कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी पुरुष सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिला शिक्षिकाओं ने सुंदर कविताओं की प्रस्तुति दी, मधुर गीत गाए और केक कटवाकर खुशियों के पल साझा किए। साथ ही सभी के लिए स्वादिष्ट नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। इस विशेष आयोजन ने विद्यालय के वातावरण को खुशनुमा बना दिया और सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी पुरुष सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा महिला शिक्षिकाओं द्वारा किए गए इस सुंदर आयोजन, प्रेम, सम्मान एवं सराहनीय पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यालय परिवार के बीच आपसी प्रेम, सम्मान, सहयोग एवं सौहार्द की भावना को और अधिक मजबूत करने वाला यादगार अवसर रहा।