Thursday, April 9, 2026

तेलंगाना से 26 श्रमिकों की सकुशल वापसी, प्रशासन की तत्परता से मिला हक का पूरा भुगतान

सेवाजोहार (डिंडोरी):– जिले के 26 श्रमिकों की तेलंगाना से सुरक्षित वापसी जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की संवेदनशीलता और सक्रियता का एक सराहनीय उदाहरण बनकर सामने आई है। बीते तीन महीनों से तेलंगाना के भद्राद्री जिले में कार्यरत ये श्रमिक विभिन्न कारणों से वहीं फंसे हुए थे, जिनकी न केवल सकुशल घर वापसी कराई गई, बल्कि उनकी लंबित मजदूरी का भुगतान भी सुनिश्चित कराया गया।
यह मामला 31 मार्च 2026 को आयोजित जनसुनवाई में सामने आया, जब एक आवेदिका ने श्रमिकों की वापसी के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने तत्काल संज्ञान लेते हुए श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहंदवानी विकासखंड के ग्राम सुखलोंडी, पिंडरुखी और धनगांव के श्रमिक 10 जनवरी 2026 को निजी कार्य के लिए तेलंगाना गए थे। निर्धारित समय पूरा होने के बाद भी वे वापस नहीं लौट पा रहे थे और उनकी मजदूरी भी बकाया थी।
जिला प्रशासन ने तेलंगाना के स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सभी श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने की व्यवस्था की। साथ ही लगभग 5 लाख 96 हजार रुपये की बकाया मजदूरी का भुगतान भी श्रमिकों को दिलाया गया।
वापसी के बाद सभी श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी पूरा ध्यान रखा जा सके।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने श्रमिकों से अपील की है कि वे अन्य राज्यों में कार्य के लिए जाने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन से संपर्क करें। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न शासकीय योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ उठाकर स्थानीय स्तर पर ही रोजगार पाया जा सकता है।
यह पूरी कार्रवाई श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे