सेवाजोहार (डिंडोरी):- पांच राज्यों में आए विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर भाजपा में उत्साह का माहौल है। इसी बीच डिंडोरी जिले की शहपुरा विधानसभा सीट से विधायक एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने बड़ा बयान दिया है।
धुर्वे ने कहा कि असम, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहा है और कई जगह कमल खिलता नजर आ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों के बाद तीन राज्यों में मौजूदा मुख्यमंत्री दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे और नेतृत्व में बदलाव तय है।
उन्होंने पांचों राज्यों की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और सुरक्षा के मुद्दों पर भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए धुर्वे ने कहा कि पिछली बार हिंसा और भय का माहौल था, लेकिन इस बार लोगों ने डर के खिलाफ खुलकर मतदान किया है।
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में घुसपैठ और फर्जी मतदान जैसे मुद्दे सामने आए, जिससे आम जनता के अधिकार प्रभावित हुए। धुर्वे ने कहा कि इन सभी मुद्दों के चलते भाजपा को व्यापक समर्थन मिला है और कई राज्यों में सरकार बनने की स्थिति बनी है।
चुनावी नतीजों को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई गई।