करंजिया में पशु तस्करी पर रोक लगाने की मांग, यूथ कांग्रेस ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिला के करंजिया क्षेत्र में कथित पशु तस्करी की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग को लेकर यूथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा थाना प्रभारी करंजिया को महामहिम राज्यपाल, मध्यप्रदेश शासन, राजभवन भोपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत गोपालपुर में पशु तस्करी से जुड़ी गतिविधियां सामने आने की बात कही जा रही है। आरोप है कि गोपालपुर से छत्तीसगढ़ की ओर पशुओं की तस्करी की जाती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर गोपालपुर के दो व्यक्तियों के नाम पशु तस्करी के मामले से जोड़े जा रहे हैं।
यूथ कांग्रेस ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पशु तस्करी में संलिप्त लोगों की पहचान करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने प्रशासन और पुलिस विभाग से क्षेत्र में पशु तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
इस दौरान यूथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।