सेवाजोहार (डिंडोरी):- छत्तीसगढ़ के अचानकमार टाइगर रिजर्व से निकली एक बुजुर्ग बाघिन इन दिनों डिंडोरी वनमंडल के पूर्व करंजिया परिक्षेत्र में विचरण करती हुई नजर आ रही है। जंगलों में लगाए गए ट्रैप कैमरों में बाघिन की तस्वीरें कैद होने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है और क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उप संचालक अचानकमार टाइगर रिजर्व से हुई चर्चा में पुष्टि हुई है कि यह बाघिन अचानकमार टाइगर रिजर्व की ही है। उसकी उम्र लगभग 17 वर्ष बताई जा रही है, जिससे उसे रिजर्व की सबसे बुजुर्ग बाघिनों में शामिल माना जा रहा है।
बाघिन की मौजूदगी सामने आने के बाद सामान्य वनमंडल डिंडोरी द्वारा पूर्व करंजिया क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में एडवाइजरी जारी की गई है। वनमंडलाधिकारी ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा है कि कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल की ओर न जाए। मवेशियों को चराने या जंगल ले जाते समय दो से तीन लोगों के समूह में लाठी-डंडे के साथ जाने की सलाह दी गई है।
वन विभाग का अमला लगातार बाघिन की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बाघिन के दिखाई देने की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की है।
स्थानीय ग्रामीणों में बाघिन की मौजूदगी को लेकर उत्सुकता के साथ-साथ सतर्कता का माहौल भी देखा जा रहा है। वन विभाग का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।