सेवाजोहार (डिंडोरी):- बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को नगर परिषद डिंडौरी के नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने अपने साथियों के साथ वार्ड क्रमांक 02 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच बाल दिवस मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को शैक्षणिक सामग्री के साथ चॉकलेट, बिस्किट, केक और मिठाइयां वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
कार्यक्रम के दौरान पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जीवन में हर परिस्थिति में शिक्षा हासिल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने बच्चों से कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षित बनकर ही हम अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस अवसर पर बच्चों ने भी संकल्प लिया कि वे कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे और शिक्षित बनकर समाज एवं देश के विकास में योगदान देंगे। साथ ही अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
बाल दिवस के इस आयोजन के माध्यम से पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी ने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनके साथ खुशियां साझा करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका, आंगनबाड़ी दीदी, पार्षद के साथी एवं बच्चों के परिजन उपस्थित रहे।