Wednesday, May 13, 2026

रानी दुर्गावती स्टेडियम शहपुरा में संपन्न हुआ भव्य सामूहिक विवाह समारोह, 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

सेवाजोहार (डिंडोरी):- रानी दुर्गावती स्टेडियम में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद पंचायत शहपुरा एवं मेंहदवानी क्षेत्र के कुल 200 वर-वधु वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह में प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सम्पतिया उईके, मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, राकेश परस्ते, पूर्व विधायक रामप्यारे कुलस्ते, सुधीर दत्त तिवारी, ज्ञानदीप त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी श्याम सिंगौर, थाना प्रभारी एम.के. मरावी, एसडीओपी शहपुरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा सभी नवविवाहित जोड़ों को सुव्यवस्थित तरीके से टोकन उपलब्ध कराए गए। विवाह समारोह में पारंपरिक लोकनृत्य एवं गुदुम बाजा की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। वधुओं को सामुदायिक भवन शहपुरा से मुख्य समारोह स्थल तक विशेष व्यवस्था के साथ लाया गया, वहीं कन्या क्रीड़ा परिसर से बारात नगर के मुख्य मार्गों से होकर रानी दुर्गावती स्टेडियम पहुंची। विवाह संस्कार धर्मगुरु सुरेश कुमार दुबे एवं शिवकुमार तिवारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराए गए।

शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को पांच बर्तन, पांच जोड़ी वस्त्र एवं एक अंगूठी भेंट स्वरूप प्रदान की। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक लोकनृत्य में शामिल होकर आयोजन का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नवविवाहित बेटियों को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की भी घोषणा की तथा सभी जोड़ों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
मंत्री सम्पतिया उईके ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना सामाजिक समरसता और बेटियों के सम्मान का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवदंपत्तियों को सुखमय जीवन का आशीर्वाद देते हुए आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन की सराहना की।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को समृद्ध एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान सभी 200 वर-वधुओं के बैंक खातों में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 49 हजार रुपये की सहायता राशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में दोनों पक्षों के परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। अतिथियों एवं परिवारजनों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई। सामूहिक विवाह समारोह का समापन हर्षोल्लास और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे