Sunday, July 26, 2026

कैपिटल बस की लापरवाही से 6 यात्री घंटों तक परेशान, मंडला का किराया लेकर सक्का में उतारा

सेवाजोहार (डिंडोरी):- निजी यात्री बसों की मनमानी का एक और मामला सामने आया है, जहां कैपिटल बस की कथित लापरवाही के कारण छह यात्रियों को बीच रास्ते में उतार दिए जाने से उन्हें घंटों परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने आरोप लगाया है कि करंजिया से मंडला जाने के लिए उनसे पूरा किराया लिया गया, लेकिन डिंडौरी पहुंचने के बाद उन्हें सक्का भेजकर दूसरी बस से आगे जाने के लिए कह दिया गया।जानकारी के अनुसार, करंजिया से मंडला जाने के लिए छह यात्रियों ने  विष्णु राय,ममता राय,लक्ष्मीकांत झरिया,ओमप्रकाश अरमो,अनीता आरमो,प्रशांत बासल ने कैपिटल बस में सफर शुरू किया था।

यात्रियों का कहना है कि कंडक्टर ने मंडला तक का पूरा किराया वसूल किया, लेकिन डिंडौरी पहुंचने पर यह कहकर सभी को बस से उतार दिया गया कि बस आगे नहीं जाएगी और सक्का में दूसरी बस मिल जाएगी।
आरोप है कि यात्रियों को ऑटो के माध्यम से सक्का तक तो भेज दिया गया, लेकिन वहां दूसरी बस नहीं पहुंची। इसके बाद महिला यात्रियों सहित सभी छह लोग घंटों तक परेशान होते रहे। यात्रियों का कहना है कि उन्होंने कई बार बस के कंडक्टर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन उठाना बंद कर दिया।

घटना से नाराज यात्रियों ने पुलिस से मदद की मांग करते हुए कंडक्टर द्वारा मंडला तक के लिए वसूला गया किराया वापस दिलाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने निजी बस संचालकों की इस तरह की कार्यप्रणाली पर कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।
हालांकि, इस मामले को लेकर बस के कंडक्टर को फोन किया गया लेकिन उसने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। वही सोशल मीडिया में जानकारी लगने पर लोगों ने डिजिटल प्लेटफार्म में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से बस मालिक और कंडक्टर के खिलाफ जांच कर कारवाई की मांग की हैं।

जो टिकिट बस के यात्रियों को दी गई हैं,उसमें न तो बस सर्विस का नंबर है और न ही बस का नाम,यात्रियों ने कहा कि यह बस मालिक और कंडक्टर के द्वारा यात्रियों को ठगने का काम किया जा रहा है । बस मालिकों की यह चालाकी तब फायदेमंद बनती है जब उनकी बसे दुर्घटना का शिकार होती है और मुआवजा यात्रियों को नहीं दिया जाता।  यात्रियों ने मांग की है कि कैपिटल बस सहित सभी बसों के नाम और नंबर टिकिट पर्ची में अंकित किया जाना चाहिए ताकि कभी बस दुर्घटना हो तो उसके मुआवजे को लेकर न्यायालय में सबूत के तौर पर दिखाया जा सके।

यात्रियों की सुरक्षा के मामले को गंभीरता से लेते हुए डिंडोरी कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बिना देर किए संज्ञान में लिया है और अपने स्टॉफ को निर्देश देते हुए कहा है कि बस एजेंट से संपर्क कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाए। वही आगे से ऐसा न हो इसको लेकर भी हिदायत दी हैं,अन्यथा कड़ी कारवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे