सेवाजोहार(डिंडोरी):- बदलते शिक्षा परिवेश में शिक्षकों को नई तकनीकों और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों से जोड़ने के उद्देश्य से शहर के प्रतिष्ठित मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक सप्ताह का विशेष शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विद्यालय के सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रतिदिन लगभग आठ घंटे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान कंप्यूटर टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लासरूम मैनेजमेंट, इफेक्टिव लर्निंग, CBSE एवं NCERT पाठ्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा जेनरेशन-ज़ेड (1997–2012) के विद्यार्थियों की सोच, व्यवहार और उनके साथ प्रभावी संवाद जैसे समकालीन विषयों पर भी शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण केवल सैद्धांतिक नहीं रहा, बल्कि इसमें शिक्षकों ने मंच संचालन, प्रभावी प्रस्तुति, अभिनय, नृत्य, संगीत और विभिन्न रोल-प्ले गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। कभी शिक्षक ने मां की भूमिका निभाई तो कभी डॉक्टर, पुलिसकर्मी, इंजीनियर और शिक्षक बनकर शिक्षण को रोचक एवं व्यवहारिक बनाने का अभ्यास किया।
शिक्षकों ने साझा किए अनुभव
प्रशिक्षण में शामिल शिक्षकों ने विद्यालय के प्राचार्य और प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से उन्हें नई तकनीकों को व्यवहारिक रूप से सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिला। शिक्षकों का कहना था कि इस तरह के प्रशिक्षण से उनकी शिक्षण क्षमता और विद्यार्थियों को समझने का दृष्टिकोण और अधिक बेहतर हुआ है।
सप्ताहभर चले इस प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, सीखने और रचनात्मक गतिविधियों से सराबोर रहा। शिक्षकों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं का भी प्रदर्शन किया, जिससे उनकी बहुमुखी क्षमता सामने आई।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी प्रत्येक वर्ष अथवा हर छह माह में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि शिक्षक आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट रख सकें।