डिंडौरी में निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सामने आई लापरवाही, 15 दिन में कार्य शुरू/पूर्ण करने के निर्देश
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों के कार्यों में लापरवाही और देरी को लेकर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने चार उपयंत्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को 15 दिवस की समय-सीमा में लंबित निर्माण कार्य प्रारंभ अथवा पूर्ण कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में 31 अगस्त 2026 को जिले में निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में डिंडौरी एवं शहपुरा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिले के समस्त उपयंत्री एवं सहायक यंत्री तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
करंजिया में 6 भवन समय पर पूरे नहीं हुए
समीक्षा के दौरान जनपद पंचायत करंजिया में उपयंत्री (संविदा), VB-GRAMG संदीप शुक्ला और जॉन अनुग्रह देवड़ा द्वारा तीन-तीन आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं किए जाने का मामला सामने आया। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
डिंडौरी में 4 भवनों का निर्माण अब तक शुरू नहीं
इसी प्रकार जनपद पंचायत डिंडौरी में उपयंत्री (संविदा), VB-GRAMG अमित नानोटे और सुनील धुर्वे द्वारा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत दो-दो आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण कार्य अब तक प्रारंभ नहीं किए गए थे। कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों उपयंत्रियों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
15 दिन में कार्य शुरू या पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित उपयंत्रियों को 15 दिवस के भीतर लंबित निर्माण कार्यों को प्रारंभ अथवा पूर्ण कर उनकी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को समय पर मिल सके।