परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, तीन सवारी और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले में कई ऐसे वीडियो सोशल मीडिया में चलने के बाद जिनमें यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई,उसे देख आखिरकार जिला परिवहन विभाग अपनी नींद से जाग उठा और सड़को पर कारवाई के लिए पहुंचा। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने बुधवार को संयुक्त रूप से सघन वाहन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 22 वाहनों के चालान काटकर 7,900 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
आपको बता दे कि जिले में धड़ल्ले से क्षमता से अधिक बसों में ओवर लोड सवारियों को भर कर महानगर ले जाने का वीडियो कांग्रेसी नेता महेंद्र परस्ते के द्वारा शेयर किया गया था,जिसके बाद डिंडोरी से लेकर भोपाल तक हड़कंप मच गया था। बस का वीडियो वायरल होने से यातायात विभाग और जिला परिवहन विभाग की जमकर किरकिरी हुई थी।
इसी के चलते नींद से जागे जिला परिवहन अधिकारी डिंडौरी विमलेश गुप्ता एवं यातायात विभाग के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान सबसे पहले बसों की जांच की गई। जांच में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 4 चालान जारी किए गए और 2,000 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वालों पर भी कार्रवाई
बसों के अलावा अन्य वाहनों की जांच के दौरान बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 18 चालान जारी किए गए। इनसे 5,900 रुपये समन शुल्क वसूला गया। इस तरह संयुक्त कार्रवाई में कुल 22 चालानों के जरिए 7,900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
वाहन चालकों को दी यातायात नियमों की समझाइश
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखने और वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने की अपील भी की गई।
कार्रवाई में परिवहन कार्यालय से पंकज डेहरिया एवं शंकर चारिया तथा यातायात पुलिस से सउनि राम रूप विश्वकर्मा, आरक्षक राजन, विष्णु एवं अनिल मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। यातायात नियमों का पालन स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है।