सुरक्षा की दृष्टि से पुल पर आवागमन वन-वे, प्रभावित हिस्से पर लगाए गए स्टॉपर
सेवाजोहार (डिंडोरी):- कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की संयुक्त टीम ने अमरकंटक-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-45 पर शहपुरा थाना क्षेत्र की ग्राम बरगांव के समीप स्थित पुल का निरीक्षण किया। टीम ने पुल की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक जांच की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुल के एक तरफ का बेस क्षतिग्रस्त हो रहा है। पुल के प्रभावित हिस्से की स्थिति को देखते हुए वहां से वाहनों के आवागमन में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक पाया गया। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
आवागमन किया गया वन-वे
वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल के प्रभावित हिस्से पर स्टॉपर लगाए गए हैं और आवागमन को वन-वे कर दिया गया है। वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है, ताकि पुल से गुजरने वाले वाहन सुरक्षित तरीके से आवागमन कर सकें और किसी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
प्रशासन एवं संबंधित विभागों की टीम द्वारा पुल की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि पुल के पास लगाए गए स्टॉपर, सुरक्षा संकेतों एवं वन-वे यातायात व्यवस्था का पालन करें। वाहन चालक गति नियंत्रित रखते हुए सावधानीपूर्वक आवागमन करें और मौके पर तैनात पुलिस एवं संबंधित कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें।