बड़े शिव मंदिर बस स्टैंड मंडला में होता है भक्तिमय आयोजन, पूरी रात गूंजते हैं भजन-कीर्तन
सेवाजोहार (मंडला):– हरतालिका व्रत को हरतालिका तीज या तीजा के नाम से भी जाना जाता है। यह व्रत भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस दिन कुंवारी एवं सौभाग्यवती महिलाएं भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना कर सुखी दांपत्य जीवन, अखंड सौभाग्य एवं मनचाहे वर की कामना करती हैं।
मध्यप्रदेश के मंडला जिले में भी हरतालिका तीज का पर्व बड़े ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। शहर के बड़े शिव मंदिर, बड़े शिव मंदिर बस स्टैंड मंडला में विगत चार वर्षों से तीज महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। समिति के सभी सदस्यों द्वारा इस आयोजन को पूरे भक्तिभाव और उत्साह के साथ संपन्न कराया जाता है।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में मंडला शहर का बड़ा फुलेरा सजाया जाता है। लगभग आधा सैकड़ा महिलाओं ने एक साथ एकत्र होकर हरतालिका व्रत का पूजन-अर्चन किया और श्रद्धापूर्वक किया । महिलाओं ने भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना कर सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। पूरी रात ओम युवा मंडल, मंडला द्वारा भजन-कीर्तन एवं जागरण किया जाता है, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहता है। पूजा स्थल पर आने वाले शिव भक्तों के लिए चाय,कॉफी का वितरण भी किया जाता है।
बताया जाता है कि यह बड़े शिव मंदिर लगभग 100 वर्ष पुराना है। करीब एक शताब्दी पूर्व यहां भगवान शिव की स्थापना की गई थी। तभी से यह स्थान क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हरतालिका तीज के अवसर पर महिलाओं की सामूहिक पूजा-अर्चना, आकर्षक फुलेरा और पूरी रात होने वाले भजन-कीर्तन ने इस आयोजन को विशेष और भक्तिमय मनाया गया|