सेवाजोहार (डिंडोरी):- कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के निर्देश अनुसार “सेवा संकल्प अभियान” के तहत एडिप एवं वयोश्री योजना अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने परीक्षण शिविर का आयोजन समस्त विकासखण्ड में किये जाने के साथ ही मेडिकल बोर्ड के शिविर आयोजन किया जाना है
जिसमें ऐसे दिव्यांगजन जिनके पास नवीन दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं है, उनके लिए मेडिकल जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पात्र व्यक्तियों को नवीन दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने में सुविधा मिल सके। इससे दिव्यांगजनों को अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम होगी और एक ही स्थान पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में सहायता मिलेगी।
शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से—
– व्हीलचेयर
– बैसाखी/क्रच
– श्रवण यंत्र
– सामान्य स्टिक
– ब्लाइंड स्टिक
– बैटरी मोटराइज्ड कैलिपर
– अन्य आवश्यक सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग
शामिल हैं। इन उपकरणों का वितरण शासन की ADIP एवं वयोश्री योजनाओं के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा।
शिविर में पंजीयन कराने वाले हितग्राहियों के लिए प्रमुख रूप से यह आवश्यक है कि उन्होंने पिछले 3 वर्षों में संबंधित सहायक उपकरण का लाभ प्राप्त न किया हो। वहीं बैटरी मोटराइज्ड कैलिपर के लिए 5 वर्ष पूर्व लाभान्वित हितग्राही पात्र होंगे।
दिव्यांगजनों के लिए BPL कार्ड/आय प्रमाण पत्र, समग्र ID, आधार कार्ड एवं फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। सभी प्रकार के सहायक उपकरणों के लिए पात्र हितग्राहियों को शिविर में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा ।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों का आयोजन निम्न स्थानों पर किया जाएगा।
12 अक्टूबर 2026 सोमवार जनपद पंचायत करंजिया
13 अक्टूबर 2026 मंगलवार जनपद पंचायत बजाग
14 अक्टूबर 2026 बुधवार जिला चिकित्सालय केन्द्र, डिंडोरी
15 अक्टूबर 2026 गुरुवार जनपद पंचायत समनापुर
16 अक्टूबर 2026 शुक्रवार जनपद पंचायत मेंहदवानी
17 अक्टूबर 2026 शनिवार जनपद पंचायत शहपुरा
समय दोपहर 12:00 से सायं 5.00 बजे
जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने जिले के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीयन एवं परीक्षण कराएं। शासन की योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद व्यक्तियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर एवं सुगम जीवन जीने में सहायता प्रदान की जाएगी।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास के पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को भी इन शिविरों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद हितग्राही “सेवा संकल्प अभियान” का लाभ उठा सकें।