Wednesday, November 18, 2026

मदर टेरेसा स्कूल के विद्यार्थियों ने किया अमरकंटक का शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण

सेवाजोहार (डिंडोरी):- मदर टेरेसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल डिंडौरी द्वारा बुधवार, 18 नवंबर को कक्षा सातवीं, आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों के लिए अमरकंटक का शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सौंदर्य के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का अवलोकन किया और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।

भ्रमण के लिए सुबह करीब 8 बजे विद्यालय परिसर से दो बसों के माध्यम से विद्यार्थियों का दल अमरकंटक के लिए रवाना हुआ। इस यात्रा में विद्यालय के छह शिक्षक, दो आया एवं एक चिकित्सकीय नर्स भी साथ रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा।

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के साथ खूब आनंद लिया। अमरकंटक पहुंचने पर विद्यार्थियों ने नर्मदा उद्गम स्थल, मां नर्मदा मंदिर, कपिलधारा एवं दूधधारा जलप्रपात, सोनमुड़ा और माई की बगिया सहित प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को करीब से जानने का अवसर मिला।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों, सामूहिक नृत्य और अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मित्रों और शिक्षकों के साथ बिताए गए इन खुशनुमा पलों को विद्यार्थियों ने फोटो एवं वीडियो के माध्यम से यादगार बनाया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ उनके मानसिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कुल मिलाकर अमरकंटक का यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, मनोरंजन, आपसी सहयोग और मित्रता से भरपूर एक यादगार अनुभव साबित हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement
Market Updates
Rashifal
Live Cricket Score
Weather Forecast
Weather Data Source: Wettervorhersage 14 tage
Latest news
अन्य खबरे