भोपाल में आयोजित होगी 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप-2026, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खेल किट प्रदान कर खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
सेवाजोहार (डिंडोरी):- जिले के खेल जगत के लिए गौरव की खबर है। डिंडोरी के प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ियों का चयन 7वीं जूनियर नेशनल कबड्डी चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। भोपाल में आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जिले की अंडर-17 जूनियर टीम के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
जिला कबड्डी संघ डिंडोरी के तत्वावधान में जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन एवं प्रतियोगिता प्रभारी चेतराम अहिरवार के प्रयासों से खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए तैयार किया गया है।
चयनित खिलाड़ियों में कमलेश मार्को, विकास सोनवानी, अनुराज, गजेंद्र बड़खड़, भूपेंद्र, लोकेश धूमकेतु, अरमान नाथ, अंकित पत्ता, सौम्या और यशी सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं।
भोपाल रवाना होने से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में सभी चयनित खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, ओम नमः शिवाय, आशीष व्यास, सुधीर दत्त तिवारी, पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम रामबाबू देवांगन, सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सतीश गवले, खेल अधिकारी मोहम्मद अहमद खान सहित वरिष्ठ एवं सीनियर खिलाड़ी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में डिंडोरी के खिलाड़ियों की भागीदारी जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अब जिलेवासियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से राष्ट्रीय मंच पर डिंडोरी का गौरव बढ़ाएंगे।